एक पैग़ाम STUDENT UNION के नाम

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के तमाम नवनिर्वाचित ओहदेदारों और कामयाब उम्मीदवारों को दिल की गहराइयों से मुबारकबाद पेश करता हूँ। AMU Old Boy’S (ALUMINI) Association, Gorakhpur Chapter (GAWA) की जानिब से तमाम मुंतख़ब नुमाइंदों को पुरख़ुलूस मुबारकबाद और नेक ख़्वाहिशात पेश करता हूँ । हमें पूरी उम्मीद है कि आप तमाम हज़रात अपनी नई ज़िम्मेदारियों को निहायत संजीदगी, ईमानदारी और ख़ुलूस के साथ अंजाम देंगे।
अलीगढ़ की रिवायात, इसकी तहज़ीब, तालीमी मेयार और इसकी शानदार तारीख़ को बरक़रार रखते हुए तलबा की आवाज़ और उनके हुक़ूक़ की नुमाइंदगी करेंगे। यक़ीनन, यह कामयाबी महज़ एक ओहदा नहीं, बल्कि एक अहम ज़िम्मेदारी और अमानत है। दुआगो हैं कि आप सबकी क़ियादत में अलीगढ़ की तारीख़ में नए बाब का इज़ाफ़ा हो और आप अपनी ख़िदमात से इस इदारे का नाम और रौशन करें।अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रिवायतें, महज़ लिबास नहीं, एक मुकम्मल तहज़ीब और किरदार सिर्फ़ यूनियन की छत पर खड़े होकर एक अच्छी तक़रीर कर देना, शेरवानी और टोपी पहन लेना ही अगर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रिवायतों का मेयार समझ लिया गया है, तो मैं बिल्कुल वाज़ेह और दो टूक अल्फ़ाज़ में कहना चाहता हूँ कि AMU की रिवायतें इससे कहीं ज़्यादा वसीअ, गहरी और अहमियत की हामिल हैं।
रिवायत का मतलब महज़ किसी ख़ास लिबास को ज़ेब-ए-तन कर लेना या किसी ख़ास मंच पर खड़े होकर तक़रीर कर देना नहीं है, बल्कि रिवायत का असल मक़सद उन आदाब, उसूलों और रवायतों को अपनी ज़ाती ज़िंदगी में शामिल करना, उन्हें अमली जामा पहनाना और आने वाली नस्लों तक मुंतक़िल करना है, और यह महज़ एक ख़्वाहिश नहीं, बल्कि उस शख़्स की अहम ज़िम्मेदारी है जो सदर, नायब सदर या जनरल सेक्रेटरी की हैसियत से यूनियन की नुमाइंदगी कर रहा हो। अपनी तक़रीरों में शेख़-उल-जामिया और एडमिनिस्ट्रेशन के प्रोपेगेंडा को शामिल करने के बजाय यूनिवर्सिटी के अकादमिक वक़ार, असातिज़ा-ए-किराम की इज़्ज़त-ओ-तौक़ीर, तलबा के हुक़ूक़ और यूनिवर्सिटी के असल मसाइल को तरजीह देना भी उन्हीं रिवायतों का हिस्सा है। AMU की तहज़ीब में सीनियर्स का एहतराम, जूनियर्स पर शफ़क़त, छोटों से मोहब्बत और बड़ों की इज़्ज़त, असातिज़ा का अदब, हॉस्टल की ज़िंदगी के आदाब, क्लासरूम और डिपार्टमेंट का मयार, फैकल्टी का वक़ार और अपने लिबास, गुफ़्तगू, रहन-सहन में शाइस्तगी बरतना शामिल रहा है।यह तमाम ख़ुसूसियात मिलकर एक AMU के तालिब-ए-इल्म की शख़्सियत और उसकी मुनफ़रिद पहचान तशकील करती हैं।
मेरी उन तमाम हज़रात से, जो सदर, नायब सदर और जनरल सेक्रेटरी के ओहदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, पुरख़ुलूस गुज़ारिश है कि वे अपनी तक़रीरों और चुनावी एजेंडे में AMU की इन असल रिवायतों को बहाल करने और ज़िंदा रखने के अज़्म का इज़हार भी करें। महज़ माज़ी की रिवायतों का हवाला देना काफ़ी नहीं है, बल्कि यह भी बताना ज़रूरी है कि उन रिवायतों को मौजूदा दौर में किस तरह अमली तौर पर ज़िंदा रखा जाएगा। किस तरह कैम्पस में अदब-ओ-एहतराम की फ़िज़ा क़ायम होगी, किस तरह असातिज़ा और तलबा के दरमियान एक बा-वक़ार रिश्ता बरक़रार रहेगा और किस तरह हॉस्टल, क्लास, डिपार्टमेंट और फैकल्टी की अपनी ख़ास तहज़ीबी पहचान को महफ़ूज़ रखा जाएगा।
एक दौर ऐसा भी था जब अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का तालिब-ए-इल्म अपने लिबास, अपने अंदाज़-ए-गुफ़्तगू, अपने रहन-सहन, अपने अख़लाक़ और अपने सलीक़े से दूर ही से पहचाना जाता था। उसकी शख़्सियत में एक ख़ास वक़ार, एक ख़ास शाइस्तगी और एक मुनफ़रिद अलीगढ़ी तहज़ीब नुमायाँ होती थी। मगर आज सवाल यह है कि क्या हम उस पहचान को बरक़रार रख पाए हैं? वही यूनिवर्सिटी है, वही कैम्पस है, वही तालीमी माहौल है और उसी यूनिवर्सिटी का तालिब-ए-इल्म है, लेकिन अफ़सोस कि उसकी वह मुनफ़रिद पहचान धीरे-धीरे धुँधली होती जा रही है।
आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि आख़िर AMU के तालिब-ए-इल्म की वह मुनफ़रिद पहचान क्या है? उसका कल्चर क्या है? उसका लिबास, उसका अंदाज़-ए-गुफ़्तगू, उसका अख़लाक़ और अपने सीनियर्स, जूनियर्स एवं असातिज़ा के साथ उसका रवैया कैसा होना चाहिए? इन तमाम पहलुओं पर संजीदगी से ग़ौर करना और उन्हें अमली तौर पर बहाल करना वक़्त की अहम ज़रूरत है। क्योंकि AMU की रिवायतें महज़ शेरवानी, टोपी, यूनियन की छत और चंद यादगार तक़रीरों का नाम नहीं हैं। ये एक मुकम्मल तहज़ीब, एक ख़ास मिज़ाज, एक बुलंद किरदार और एक मुनफ़रिद तालीमी व सक़ाफ़ती विरासत का नाम हैं।
शेरवानी पहनना अलीगढ़ी रिवायत का एक ज़ाहिरी इज़हार हो सकता है, मगर अपने किरदार, अपने अख़लाक़ और अपने अमल में अलीगढ़ की तहज़ीब को ज़िंदा रखना ही उसकी असल रिवायत है। और इस विरासत की हिफ़ाज़त करना सिर्फ़ किसी एक ओहदेदार की नहीं, बल्कि यूनियन की क़ियादत करने वाले हर शख़्स की अव्वलीन ज़िम्मेदारी होनी चाहिए। अलीगढ़ की पहचान सिर्फ़ उसके लिबास से नहीं, बल्कि उसके इल्म, अदब, अख़लाक़, शाइस्तगी और किरदार से होनी चाहिए।
दुआ_गो
अब्दुल हई
सेक्रेटरी
गोरखपुर अलीग वेलफेयर एसोसिएशन (GAWA)
AMU OLD BOYS' (ALUMINI) GORAKHPUR




Comments